जम्मू पुलिस और एसडीआरएफ ने तवी नदी में फंसे चार लड़कों को बचाया
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
जम्मू, 4 जुलाई (हि.स.)। शनिवार को पीर खो मंदिर के पास तवी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण फंसे चार लड़कों को जम्मू-कश्मीर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों की एक टीम ने बचाया।
पुलिस ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सूचना मिली थी कि पीर खो मंदिर के पास तवी नदी में स्नान कर रहे चार लड़के अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण फंस गए थे। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ टीम को तुरंत सूचना दी गई जिसके बाद एसडीपीओ सिटी नॉर्थ के नेतृत्व में पक्का डांगा पुलिस स्टेशन से एसडीआरएफ की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने बताया कि चारों लड़कों को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने कहा कि टीमों की समयबद्ध कार्रवाई से एक बड़ी त्रासदी टल गई।
जम्मू पुलिस ने मानसून के मौसम में ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ने की चेतावनी देते हुए लोगों से तवी नदी के किनारों से दूर रहने का आग्रह किया है। अभिभावकों को भी सलाह दी गई है कि वे बच्चों को नदी के पास जाने से रोकें।
---------------

