प्रताप गौरव केन्द्र में जन्माष्टमी मेला 26 को

उदयपुर, 5 अगस्त (हि.स.)। संस्कृति और इतिहास के गौरवपूर्ण दर्शन का महत्वपूर्ण स्थान बनाते जा रहे प्रताप गौरव केन्द्र राष्ट्रीय तीर्थ में 26 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गत वर्ष की भांति ही इस वर्ष भी जन्माष्टमी मेले में सुबह से रा़ित्र तक विविध आयोजन और प्रतियोगिताएं होंगी। इस बार मेले में विभिन्न स्टाल्स के साथ चकरी-डोलर भी विशेष आकर्षण होंगे।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि 26 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 9 बजे तक गौरव केन्द्र परिसर में स्थित भक्तिधाम में पंचामृत अभिषेक होगा। भक्तिधाम के पुजारी लक्ष्मण के सान्निध्य में पुरुष सूक्त विधि से पूजा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजते से राधा-कृष्ण व कान्हा-यशोदा वेशभूषा प्रतियोगिता होगी। राधा-कृष्ण प्रतियोगिता में 6 से 10 वर्ष की आयु तक के बच्चे भाग ले सकेंगे और कान्हा-यशोदा प्रतियोगिता में माताएं अपने 5 वर्ष तक के बच्चों के साथ भाग ले सकेंगी। तीन बजे से दही-हांडी प्रतियोगिता होगी जिसमें युवकों और युवतियों की प्रतियोगिता अलग-अलग रहेगी। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रताप गौरव केन्द्र में शुरू कर दिए गए हैं। शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक परिसर में विभिन्न झांकियां सजाई जाएंगी। इसी दौरान, भजन कार्यक्रम भी होगा। मध्य रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की आरती होगी। पूरे दिन के आयोजनों के साथ परिसर क्षेत्र में विभिन्न सामग्रियों की 50 स्टाल्स लगाई जाएंगी। चकरी-डोलर भी लगाए जाएंगे जिससे बच्चे उनका लुत्फ उठा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर