जन सुराज जिला कार्यवाहक समिति की सूची जारी

पूर्वी चंपारण 06 अगस्त (हि.स.)। जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर की पदयात्रा पश्चिम चंपारण से चलने के महीनों बाद मधेपुरा पहुंची है। अबतक जिन जिलों में पदयात्रा हो चुकी है उन जिलों में संगठन विस्तार तेजी से किया जा रहा है। उसी क्रम में मंगलवार को स्थानीय जन सुराज जिला कार्यालय में जन सुराज जिला कार्यवाहक समिति एवं पदाधिकारियों की घोषणा की गई।

इस दौरान सकलदेव सहनी, लालदेव कुशवाहा, रामानंद गुप्ता, राहुल कीर्ति सिंह, धर्मेंद्र मिश्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की सूची जारी की। इस दौरान सकलदेव सहनी ने कहा कि प्रत्येक जिला कार्यवाहक समिति सदस्य ने जन सुराज के विचार को आने वाले दिनों में हजारों लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। इतना ही नहीं जन सुराज परिवार को आने वाले दिनों में सबसे मजबूत राजनीतिक दल के रूप में तैयार करने की रूपरेखा तैयार की। इसके पूर्व जन सुराज के जिला कार्यालय से एक आकर्षक एवं भव्य रैली निकल गई, जो गांधी स्मारक पहुंची। वहां बापू को नमन करते हुए सदस्यों ने माल्यार्पण किया।

गाजे-बाजे के साथ हजारों कार्यकर्ता झंडा लिए नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस रैली के माध्यम से जैन स्वराज ने संदेश दिया कि वह अगला विधानसभा चुनाव में बिहार की तस्वीर बदलने के लिए पूरी तरह तैयार है। जारी सूची के अनुसार जिला अध्यक्ष राम शरण यादव, जिला महासचिव कृष्ण कांत मिश्रा, अभियान संयोजक अनिल कुशवाहा, महिला अध्यक्ष बिभा शर्मा, युवा अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, किसान अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद के नाम की घोषण की गई है। विभिन्न पदों पर निम्नलिखित सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा मुजफ्फरपुर से आए सकलदेव सहनी, लालदेव कुशवाहा, रमानंद गुप्ता, राहुल, कीर्ति सिंह और धर्मेंद्र मिश्रा ने की।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार / गोविंद चौधरी

   

सम्बंधित खबर