झज्जर: ट्रैक्टर पर सवार होकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बढ़ाया किसानों का सम्मान
- Vijesh Sharma
- Jun 27, 2026

-बहादुरगढ़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का किया गया भव्य स्वागत
झज्जर, 27 जून । शनिवार को बहादुरगढ़ पहुंचीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया। इस समारोह में किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। डा. अर्चना गुप्ता ने ट्रैक्टर पर सवार होकर किसानों का सम्मान बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा राज में खेतों में किसानों का, सीमा पर जवानों का सम्मान बढ़ा है।
डा. अर्चना गुप्ता का भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का जगह-जगह पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में मोदी-नायब जिंदाबाद और डा. अर्चना गुप्ता जिंदाबाद के नारे लगाए। स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में पहुंचने पर राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, जिला अध्यक्ष विकास वाल्मिकी, जिला प्रभारी कैप्टन भूपेंद्र सिंह, जिला परिषद चेयरपर्सन कप्तान बिरधाना, दिनेश कौशिक, चेयरपर्सन सरोज राठी सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का फूलमालाओं और पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन और स्वागत किया। बहादुरगढ़ में हुए स्वागत व अभिनंदन से अभिभूत डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह स्वागत हर उस कर्मठ कार्यकर्ता का स्वागत है, जो पार्टी के लिए अपना पसीना बहाता है।
समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है, कांग्रेस के पास न कोई नेता है, न नीयत है और न ही कोई स्पष्ट विचारधारा। कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति पर खड़ी है तथा उसके शासनकाल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता केवल झूठा नैरेटिव गढक़र जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा झज्जर जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने की रणनीति के साथ काम कर रही है और अगले विधानसभा चुनाव में सभी सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया है।भाजपा की सबसे बड़ी ताकत सशक्त संगठन व समर्पित कार्यकर्ता: धनखड़
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में हरियाणा में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा नारी शक्ति को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका सशक्त संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और अथक परिश्रम के बल पर ही भाजपा लगातार राष्ट्र सेवा के अपने अभियान को आगे बढ़ा रही है। राष्ट्रीय सचिव धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों बोलते हुए 12 वर्षों को सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान गरीब कल्याण की योजनाओं, डिजिटल इंडिया, आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास और जनहितकारी नीतियों ने देश को नई दिशा दी है।

