जुगल, कोहली और अन्य ने त्रिदेव और मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया

जम्मू, 3 अगस्त (हि.स.)। मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर का विकास सुनिश्चित किया। वर्तमान सरकार की विकास-समर्थक नीतियों से जम्मू-कश्मीर में विश्वास का माहौल बना है। कांग्रेस, एनसी और पीडीपी के नेतृत्व वाली पिछली सरकारों में जम्मू के आम लोग सबसे ज्यादा पीड़ित थे। यह बात जम्मू-पुंछ के सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कही। शनिवार को उन्होंने भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ विधानसभा क्षेत्रों में कई त्रिदेव और मोर्चा सम्मेलनों को संबोधित किया। यहां छंब विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने किसान सम्मेलन को संबोधित किया।

जुगल ने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को वंचित और गरीब रखने और क्षेत्रों को अविकसित रखने में विश्वास करती थी। दूसरी ओर मोदी सरकार ने लोगों को सशक्त बनाने और दूरदराज के क्षेत्रों के विकास के लिए काम किया है और अब लोग क्षेत्र के विकास के लिए मोदी सरकार का समर्थन कर रहे हैं।

वहीं पूर्व मंत्री अब्दुल गनी कोहली ने उधमपुर में एसटी सम्मेलन को संबोधित किया। जिला अध्यक्ष और पूर्व विधायक राजीव शर्मा ने अखनूर में एसटी मोर्चा सम्मेलन और प्रवक्ता रजनी सेठी ने नौशेरा में महिला मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश ठाकुर ने रामबन जिले के बनिहाल विधानसभा क्षेत्र में युवा मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया। वहीं पाड्डर मंडल अध्यक्ष जानकी नाथ ने पाड्डर नागसेनी विधानसभा क्षेत्र में ओबीसी मोर्चा सम्मेलन को संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा / बलवान सिंह

   

सम्बंधित खबर