एमसीडी के करोल बाग जोन को स्वच्छता एवं नागरिक सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार के लिए आईएसओ प्रमाण मिला
- DSS Admin
- May 26, 2026
नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के करोल बाग जोन को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं नागरिक सेवा वितरण के क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (आईएसओ) प्रमाण प्रदान किया गया। यह प्रमाण जोन द्वारा स्वच्छता, कार्यकुशलता तथा सतत शहरी प्रबंधन के उच्च मानकों को बनाए रखने हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
निगमायुक्त संजीव खिरवार ने इस उपलब्धि के लिए उपायुक्त, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मचारियों, फील्ड टीमों एवं स्थानीय निवासियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवा प्रदान करने तथा नागरिकों के हित में नागरिक अवसंरचना को बेहतर बनाने की दिशा में जोन की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि करोल बाग जोन द्वारा शुरू की गई कई महत्वपूर्ण पहलों ने आईएसओ प्रमाण प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाई। इनमें मशीनीकृत सड़क सफाई, धूल-मुक्त सड़क अभियान, वैज्ञानिक कचरा संग्रहण प्रणाली, नालों की नियमित सफाई (डीसिल्टिंग), स्वच्छता अभियान तथा नागरिक कार्यों की सघन निगरानी शामिल हैं। इन उपायों के निरंतर क्रियान्वयन से पूरे जोन में स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य मानकों को मजबूत करने में सहायता मिली है।
उपायुक्त दिलखुश मीणा ने सभी अधिकारियों, स्वच्छता कर्मचारियों एवं नागरिकों का उनके निरंतर सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आईएसओ प्रमाण ज़ोन को स्वच्छ दिल्ली के लक्ष्य की दिशा में और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
---------------

