केजीएमयू के चिकित्सक से मारपीट, रिपोर्ट दर्ज न होने से चिकित्सकों में आक्रोश
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
केजीएमयू शिक्षक संघ ने अपर मुख्य सचिव गृह व डीजीपी को लिखा पत्र
लखनऊ, 03 जून (हि.स.)। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के यूरोलोजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. विवेक सिंह से मारपीट के चार दिन बाद भी उनकी रिपोर्ट न लिखे जाने से चिकित्सकों में आक्रोश है।
केजीएमयू शिक्षक संघ और इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन ने बुधवार काे इस घटना की निंदा करते हुए अपर मुख्य सचिव गृह व डीजीपी को पत्र लिखकर डा.विवेक सिंह की ओर से दी गयी तहरीर के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पत्र के अनुसार डा. विवेक 31 मई को सायं करीब 05 बजे वह अपनी कार से बीबीएयू के सामने से रायबरेली रोड की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान पीछे से एक स्विफ्ट कार के चालक ने उनकी गाड़ी में दो बार टक्कर मारी। जब डा. विवेक कार से बाहर निकले तो चालक के साथ अन्य तीन लोगों ने मारपीट की। मारपीट में डा. विवेक को चोटें आयी हैं। केजीएमयू के ट्रामा सेन्टर में वह भर्ती हैं जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद डा. विवेक सिंह स्थानीय चौकी और उसके बाद थाने गए लेकिन फिर भी रिपोर्ट नहीं लिखी गयी। केजीएमयू शिक्षक संघ के महासचिव डाॅ संताेष कुमार ने मारपीट की घटना के चार दिन हो जाने के बाद भी रिपोर्ट न दर्ज होने पर कड़ा आक्रोश जताया है। शिक्षक संघ ने मांग की है कि तत्काल एफआईआर दर्ज कर डा. विवेक के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने हेतु संबंधित को निर्देश करें ताकि केजीएमयू आने वाले मरीजों का उपचार सुचारू रूप से चलता रहे।

