धमतरी : कोर्रा के कियोस्क संचालक पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप

धमतरी, 23 जून (हि.स.)। भारतीय स्टेट बैंक ग्राहक सेवा केंद्र (कियोस्क शाखा) कोर्रा के संचालक पर खाताधारकों की जमा राशि में कथित गड़बड़ी और लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर प्रभावित खाताधारकों ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर अपनी जमा राशि वापस दिलाने तथा दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में बताया गया है कि, वर्ष 2013 से वर्ष 2025 तक क्षेत्र के अनेक ग्रामीण अपने खातों में नियमित रूप से राशि जमा करते रहे। आरोप है कि कियोस्क शाखा संचालक द्वारा खाताधारकों से नगद राशि प्राप्त की जाती थी, लेकिन कई मामलों में बैंक की अधिकृत पासबुक एंट्री नहीं की गई और हस्तलिखित रूप से राशि दर्ज कर दी गई। जब खाताधारकों ने अपने खातों से राशि निकालने के लिए भारतीय स्टेट बैंक भखारा शाखा में संपर्क किया, तब उन्हें जानकारी मिली कि उनके खातों में जमा बताई गई राशि वास्तव में दर्ज ही नहीं है।

पीड़ितों का कहना है कि, इस संबंध में जानकारी मांगने पर संचालक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। आरोप है कि कुछ खाताधारकों को भुगतान के नाम पर एचडीएफसी बैंक और इंडसइंड बैंक के चेक दिए गए, जो निर्धारित समय बीतने के बाद भी क्लियर नहीं हुए। वहीं कुछ लोगों को कथित रूप से बांड पेपर भी दिए गए, जिनकी जांच में उनके फर्जी होने की जानकारी सामने आई। मामले की शिकायत भारतीय स्टेट बैंक भखारा शाखा और थाना भखारा में भी की जा चुकी है। आवेदनकर्ताओं के अनुसार इस कथित धोखाधड़ी से दर्जनों खाताधारकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है तथा कुल राशि लाखों रुपये में बताई जा रही है। पीड़ितों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और उनकी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग की है। आवेदन देने वालों में अंजोर सिंह निषाद, लीलाराम साहू, अंकालू राम सिन्हा, सरोज बाई, रेखराम, राधेश्याम सिन्हा, नेमिन बाई साहू, भानु साहू, हेमशंकर साहू, देवंती बाई साहू, सुरूज बाई तथा अर्जुन राम साहू सहित अन्य खाताधारक शामिल हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर