कोलकाता-दीघा रूट पर राज्य सरकार की नई बस सेवा शुरू, पटाशपुर में हुआ शुभारंभ

कोलकाता, 07 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार ने पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों की बेहतर संपर्क व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कोलकाता-दीघा वाया पटाशपुर रूट पर नई सरकारी बस सेवा शुरू कर दी है। मंगलवार को पटाशपुर में एक सादे समारोह के दौरान इस बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर पटाशपुर के भाजपा विधायक तपन माइती मौजूद रहे। उनके हाथों इस नई बस सेवा का उद्घाटन किया गया।

नई बस सेवा कोलकाता से दीघा तक सड़क मार्ग से संचालित होगी। रास्ते में पटाशपुर, मंगलामारो सहित कई प्रमुख स्टॉपेज पर बस रुकेगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को भी आने-जाने की सुविधा मिलेगी। बस सेवा शुरू होने के मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और सभी ने इस पहल का स्वागत किया।

इधर, पश्चिम मेदिनीपुर जिले में विधायक डॉ. शंकर गुच्छैत की उपस्थिति में मेदिनीपुर-कोलकाता और मेदिनीपुर-दीघा रूट पर भी नई सरकारी बस सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इससे दोनों जिलों के यात्रियों को राजधानी कोलकाता और समुद्री पर्यटन स्थल दीघा तक आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

गौरतलब है कि परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने पिछले एक सप्ताह के भीतर कई नए बस रूट शुरू करने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि राज्य में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने और लोगों की यात्रा को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से नई बस सेवाएं शुरू की जा रही हैं।

बताया जा रहा है कि 'जनता के दरबार' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ इस विषय पर हुई चर्चा के बाद इस नई बस सेवा को अंतिम मंजूरी दी गई।

---------------

   

सम्बंधित खबर