सूरजपुर : कृषक उन्नति योजना से किसान की बदली तस्वीर, परिवार को मिला आर्थिक संबल
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
सूरजपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। कृषक उन्नति योजना से लाभान्वित एक किसान की सफलता की कहानी सामने आई है। योजना के तहत मिली प्रोत्साहन राशि ने न केवल खेती को आधुनिक बनाने में मदद की, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई। किसान ने इस राशि का उपयोग खेती के साथ बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी किया।
सूरजपुर जिले के सोहागपुर गांव निवासी किसान रमेश सिंह, कृषक उन्नति योजना के लाभार्थी हैं। गोंड जनजाति से संबंध रखने वाले रमेश सिंह के पास लगभग 10 हेक्टेयर कृषि भूमि है। उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 255 क्विंटल धान का विक्रय किया, जिसके बदले उन्हें योजना के तहत 1 लाख 86 हजार 405 रुपये की बोनस राशि प्राप्त हुई।
रमेश सिंह ने बताया कि बोनस की राशि से उन्होंने उन्नत किस्म के बीज, उर्वरक और कीटनाशकों की खरीद की। इससे खेती की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में सुधार हुआ है। इसके अलावा उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा और परिवार के स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में भी इस राशि का उपयोग किया।
उनका कहना है कि कृषक उन्नति योजना से मिली आर्थिक सहायता ने खेती को नई दिशा दी है। अब वे आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन ले रहे हैं और परिवार का जीवन स्तर भी पहले की तुलना में बेहतर हुआ है। उन्होंने किसानों के लिए इस योजना को उपयोगी बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------

