कुमारपुर ब्रिज पर भीषण सड़क हादसा में डिलीवरी बॉय की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड जाम
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
पश्चिम बर्दवान, 27 जून (हि. स.)। आसनसोल में शनिवार सुबह जीटी रोड स्थित कुमारपुर ब्रिज के निकट गोपालपुर इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान कुणाल उर्फ सुमन कुमार सिंह (22) तथा घायल की पहचान आदित्य साहू (23) के रूप में हुई है। दोनों ही हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर स्थित ध्रुवडंगाल के निवासी थे और एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। मृतक और घायल के परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग को लेकर जीटी रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
सूचना पाकर आसनसोल दक्षिण थाना, ट्रैफिक गार्ड की पुलिस तथा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (ट्रैफिक) जधवार अभिनाश भीमराव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने पुलिस का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिकअप वैन का चालक नाबालिग प्रतीत हो रहा था और नशे की हालत में वाहन चला रहा था। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं दिखाती और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक पिकअप वैन आसनसोल से कुलटी की ओर जा रही थी। उसी समय कुलटी की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार सुमन और आदित्य कुमारपुर ब्रिज पर चढ़ रहे थे। ब्रिज के अंतिम छोर पर गोपालपुर इलाके में सामने से आ रही पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर गए और पिकअप वैन कई बार पलटने के बाद उलट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं आदित्य का इलाज जारी है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ केंद्रीय बल भी तैनात किया गया।
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उचित कार्रवाई और आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया और धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। डीसीपी (ट्रैफिक) के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
---------------

