मुरादाबाद : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई रमजान माह के दूसरे जुमे की नमाज
- Admin Admin
- Mar 14, 2025

मुरादाबाद, 14 मार्च (हि.स.)। होली के मद्देनजर शुक्रवार को रमजान महीने के दूसरे शुक्रवार (जुमा) पर शहर की जामा मस्जिद के साथ अन्य मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण नमाज संपन्न हुई। होली और जुमा एक दिन पड़ने के कारण महानगर की जामा मस्जिद व अन्य प्रमुख मस्जिदों में नमाज का समय दोपहर एक बजे से बढ़ाकर दोपहर ढाई बजे कर दिया गया था।
शुक्रवार को रमजान का दूसरा जुमा होने पर शहर की लगभग सभी मस्जिदों में नमाजियों की काफी भीड़ रही। हमेशा की तरह सबसे अधिक अकीदतमंद जामा मस्जिद में पहुंचे। चार दिन पूर्व जिला प्रशासन के आग्रह पर शहर इमाम हकीम सैयद मासूम अली आजाद ने जामा मस्जिद समेत शहर की मिश्रित आबादी में स्थित मस्जिदों में जुमे की नमाज दोपहर 2:30 बजे शुरू होने का समय निर्धारित किया था। इसी को ध्यान में रखते हुए जामा मस्जिद में आज इसी निर्धारित समय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण नमाज संपन्न हुई।
रमजान का शुरू हुआ दूसरा अशरा काफी अहमियत वाला :
नायाब इमाम ए शहर मुफ्ती सय्यद फहाद अली ने बताया कि दूसरे अशरे में तीन दिन गुजर जाने के साथ ही अकीदतमंद मगफिरत (गुनाहों) से माफी की दुआ में जुट गए हैं। मस्जिदों में तरावीह मुकम्मल होने का सिलसिला भी जारी है। रमजान का शुरू हुआ दूसरा अशरा काफी अहमियत वाला है। इसकी फजीलत बहुत अधिक है। क्योकि इसे मगफिरत (माफी) का अशरा कहा जाता है। जो रोजेदार दिल से तौबा करता है और अल्लाह से दुआ मांगता है, उसके पिछले गुनाह माफ कर दिए जाते हैं। यह अशरा गुनाहों से बचने और जन्नत का हकदार बनने का बेहतरीन मौका है। इस अशरे में ज्यादा से ज्यादा कुरान की तिलावत, नफिल नमाज, जिक्र और दुआ करने से अल्लाह की रहमत बरसती है और मगफिरत के दरवाजे खुल जाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल