वीरपुर में श्रीमद्भागवत कथा एवं विष्णु महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश शोभायात्रा
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
सुपौल, 09 जून (हि.स.)। जिले के वीरपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित महिनाथ स्थान ठाकुरबाड़ी में आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा एवं विष्णु महायज्ञ के शुभारंभ को लेकर मंगलवार को 101 कुंवारी कन्याओं द्वारा भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।
धार्मिक आस्था और उत्साह के बीच निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।कलश यात्रा का शुभारंभ बरैपुरा स्थित काली मंदिर से हुआ। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। अयोध्याधाम से पधारे कथावाचक श्री गुरुणेशजी महाराज तथा काशी से आए आचार्य श्री अमरेश जी महाराज के नेतृत्व में पूजा संपन्न होने के बाद गाजे-बाजे और दो सुसज्जित रथों के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
यात्रा बरैपुरा, हरिहरपुर और वीरपुर गांव का भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल पहुंची, जहां कलश स्थापना के साथ इसका समापन हुआ। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कड़ी धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भक्ति गीतों और भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए।
आयोजन समिति के सदस्य एवं सरपंच दयानंद झा, पूर्व मुखिया पंकज कुमार सिंह, पंडित राजगुरु, सुशील कुमार, रितेश कुमार, श्याम नंदन झा और विनोद कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से 9 जून से 15 जून तक धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक यज्ञ-पूजन तथा शाम 7 बजे से हरि-इच्छा तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यज्ञ स्थल पर भव्य पूजा पंडाल, आकर्षक तोरणद्वार और भव्य लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। कार्यक्रम में कुलजीत कुमार, विमल राय समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

