प्रदेश सरकार के कुप्रबंधन से बिगड़ी हिमाचल की माली हालात: अनुराग ठाकुर

धर्मशाला, 14 सितंबर (हि.स.)।आर्थिक कुप्रबंधन के चलते हिमाचल सरकार दिवालिएपन पर आ गई है। इसका ताजा उदाहरण हाल में देखने को मिला है कि प्रदेश के कर्मचारियों को इतिहास में पहली बार समय पर वेतन नहीं मिला है। पेंशनरों को भी दस तारीख का इंतजार करना पड़ा। अगर सीएम सुक्खू सरकार को नहीं चला सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर से भाजपा के सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में कही। वह भाजपा सदस्यता अभियान की मीटिंग के बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस दुष्प्रचार कर रही है कि पूर्व भाजपा सरकार ने ज्यादा संस्थान खोल दिए, जबकि मैं प्रदेश सरकार से पूछना चाहता हूं कि प्रदेश सरकार लोगों की सहूलियत के लिए स्कूल-कॉलेज, अस्पताल नहीं खोलेगी तो और क्या करेगी। पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों को आगे बढ़ाना चाहिए था, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू उन्हें बंद करके रिवर्स गेयर में चल रहे हैं।

केंद्र से मंजूर प्रोजेक्ट भी नहीं हो पाए शुरू

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र से मिले प्रोजेक्टों को शुरू करवाने में कांग्रेस सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। धर्मशाला में प्रस्तावित सीयू कैंपस के लिए अभी प्रदेश सरकार की ओर फंड ही जमा नहीे करवाया गया है। इसके अलावा धर्मशाला के इंद्रूनाग में प्रस्तावित हाई एल्टीट्यूट ट्रैनिंग सेंटर के लिए प्रदेश सरकार जमीन तक नहीं दे पाई है, धर्मशाला के लोगों के साथ धोखा है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

अनुराग ठाकुर के कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की प्रताड़ना पर कांग्रेस कुछ नहीं कहती है। रोहिंगिया मुसलमान कैसे आ रहे हैं, लव जिहाद जैसी घटनाएं कैसे बढ़ी इस कांग्रेस नेता कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं। उन्होंने राहुल और कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा कि वे बताए क्या कांग्रेस जम्मू-कश्मीर 370 को वापस लाना चाहते हैं।

जमानत मिलने पर केजरीवाल समर्थक बांट रहे मिठाइयां

अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के सीएम और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि यह देश में पहली बार हो रहा है, जब भ्रष्टाचार के घोटाले में आरोपी को कोर्ट से जमानत मिलने पर पटाखे फोड़कर मिठाइयां बांटी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जो आप पार्टी ईमानदार होने का ढोंग रचती थी, आज उसी पार्टी के बड़े-बड़े नेता भ्रष्टाचार में आकंठ तक डूबे हैं। इस मौके पर धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा, प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर, जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर