आम जनता ही नहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता भी हिमाचल की कांग्रेस सरकार से त्रस्त : अनुराग सिंह ठाकुर

धर्मशाला, 22 सितंबर (हि.स.)।

पूर्व केंद्रीय मंत्री, हमीरपुर लोक सभा क्षेत्र से सांसद व भाजपा सदस्यता अभियान के अन्तर्गत हिमाचल के छह संगठनात्मक जिलों के पालक अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में आम जनता ही नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ता भी कांग्रेस सरकार से त्रस्त आ चुके हैं, और भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज इस सरकार में कांग्रेस कार्यकर्ता अपने काम ना होने से दुखी हैं और सरकार को कोस रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं से निवेदन है कि कांग्रेस के ऐसे नाराज़ वर्करों तक पंहुचें क्योंकि वह भाजपा का सदस्य बनने के लिये तैयार बैठे हैं। अनुराग ठाकुर ने यह बात रविवार को ज़िला कांगड़ा के ओल्ड मटौर व नगरोटा बगवां में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने इस मौके पर ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में लोगों को भाजपा परिवार से जोड़ने का आह्वाहन किया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार आर्थिक कुप्रबंधन के चलते आज प्रदेश 96 हज़ार करोड़ के कर्ज़े में डूब गया है और यही हालात रहे तो इस साल के अंत तक यह एक लाख करोड़ पंहुच जायेगा। कांग्रेस सरकार ने डेढ़ वर्ष में प्रदेश का बंटाधार कर दिया है। प्रदेश पर महंगाई का बोझ, इंडस्ट्री के साथ बेरुख़ी, कर्मचारियों को सैलरी-पेंशन के लिए तरसाना दिखाता है कि कांग्रेस से सरकार चलाई नहीं जा रही। कांग्रेस का हाथ प्रदेश की जनता के गिरेबान पर है। बिजली के दाम इन्होंने आते ही दो बार बढ़ा दिए, पर्यावरण और दूध का सेस लगा दिया, उद्योगों पर भी सेस बढ़ाया गया है जिससे राज्य में उद्योग पलायन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों से पहले बड़े बड़े वादे किए मगर चुनाव के बाद वादे पूरे करना तो दूर प्रदेश की माली हालत इतनी ख़राब कर दी कि वेतन और पेंशन के लाले पड़ गये हैं। कांग्रेस पार्टी अगर सरकार नहीं चला सकती तो इन्हें सरकार छोड़ देनी चाहिए।

हिमाचल में 14 लाख से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार लोकप्रिय संगठन बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में इस बार 14 लाख से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किए हुए हैं और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। मेरा आपसे अनुरोध है राष्ट्र नवनिर्माण के महाअभियान में आप भी भागीदार बनें, भाजपा के सदस्य बनें। भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है, जो अपनी पार्टी संविधान का अनुसरण करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने कार्य का विस्तार कर रही है और जनता की आशाओं, आकांक्षाओं की कसौटी पर ख़ुद को साबित भी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर