पंचायती राज व निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों पर जताया भरोसा : विपिन सिंह परमार
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
धर्मशाला, 08 जून (हि.स.)। भाजपा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने सोमवार को धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार पर पंचायत एवं शहरी निकाय चुनावों को लंबे समय तक टालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव जनवरी माह में होने थे, लेकिन सरकार की मंशा चुनाव करवाने की नहीं थी, जिसके चलते इन्हें रोका गया। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद 31 मई तक चुनाव करवाने पड़े।
परमार ने कहा कि इन चुनावों में प्रदेश की जनता ने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है और लगभग 70 प्रतिशत भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर पंचायतों, नगर परिषदों और नगर निगम चुनावों में भाजपा को व्यापक समर्थन मिला है। साथ ही 12 में से 10 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में अराजकता का माहौल बना है और लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले से चल रही कई योजनाओं का लाभ अब आम जनता तक नहीं पहुंच रहा है। परमार ने प्रदेश में माफिया राज फैलने का भी आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री की ओर से जिला परिषद और बीडीसी प्रतिनिधियों को लेकर की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि जनता द्वारा चुने गए हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए।
परमार ने कहा कि प्रदेश की जनता और कर्मचारी वर्तमान सरकार से निराश हो चुके हैं तथा सरकार ने हिमाचल को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ विधानसभा क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच रहा है।
इस अवसर पर धर्मशाला विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा के विधायक पवन काजल, नूरपुर विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक रवि धीमान, अर्जुन ठाकुर, रीता धीमान, मुल्कराज प्रेमी, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, प्रवक्ता संजय शर्मा जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा मीडिया प्रभारी विश्व चक्षु सहित कई भाजपा नेता उपस्थित रहे।

