कांगड़ा जिला में प्राकृतिक खेती को दिया जाएगा बढ़ावा : उपायुक्त
- Admin Admin
- Mar 06, 2025

धर्मशाला, 06 मार्च (हि.स.)। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण आत्मा द्वारा वर्तमान वित वर्ष में विभिन्न गतिविधियों के लिए 213 लाख रुपये खर्च किये गए हैं तथा प्राकृतिक खेती खुशहाल योजना के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के लिए 171 लाख रुपये खर्च किये गए है। यह जानकारी उपायुक्त हेमराज बैरवा ने वीरवार को जिला मुख्यालय के एनआईसी सभागार में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबन्ध अभिकरण की गवर्निग बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उपायुक्त ने कहा कि कृषि व सम्बद्ध विभागों के अधिकारी बेहतर तालमेल बनाकर आतमा स्कीम एवं सरकार द्वारा कृषकों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का सुचारू रूप से क्रियान्वयन करें। उन्होंने राष्ट्रीय मिशन के तहत प्राकृतिक खेती पर होने वाले कार्य योजना की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए अधिक से अधिक किसानों को प्रेरित किया जाए और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहायता प्रदान की जाए।
बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों ने मिशन के तहत की जा रही गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ राजकुमार परियोजना निदेशक आत्मा पालमपुर ने वित वर्ष 2024-25 व 2025-26 में आने वाली राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन की कार्य योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी जिसमें जिला कांगड़ा के 55 क्लस्टर में 2750 हैक्टेयर में 8986 किसानों पर 9 करोड़ 33 लाख कार्य योजना को जिला समिति ने पारित किया तथा आत्मा में 2025-26 होने वाले कार्य योजना को भी विस्तार से बताया और तीन करोड़ 50 लाख की कार्य योजना को जिला समिति से पारित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया