तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को मिलेगा प्रतिष्ठित गोल्ड मर्करी अवॉर्ड, 31 मार्च को होगा सम्मान
- Admin Admin
- Mar 15, 2025

धर्मशाला, 15 मार्च (हि.स.)। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित गोल्ड मर्करी अवॉर्ड मिलेगा। दलाई लामा को यह सम्मान विश्व ने अहिंसा, करुणा और पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए दिया जाएगा। सम्मान समारोह 31 मार्च को उनके निवास स्थान धर्मशाला में आयोजित होगा।
उधर गोल्ड मर्करी इंटरनेशनल संस्था ने इस सम्मान को ऐतिहासिक बताया है। संगठन के अनुसार दलाई लामा की शिक्षाएं वैश्विक अनिश्चितता के इस दौर में लोगों को प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने महात्मा गांधी के मार्ग पर चलते हुए तिब्बती लोगों के अधिकारों की रक्षा की है। 89 वर्षीय दलाई लामा ने इस सम्मान पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार शांति और पर्यावरण संरक्षण की संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रतीक है।
संगठन के अध्यक्ष निकोलस डी सैंटिस ने कहा कि दलाई लामा ने अपनी प्रतिबद्धता से वैश्विक चेतना को बदला है। उनके 90वें जन्मदिन पर यह सम्मान उनकी असाधारण उपलब्धियों को पहचानता है। 1961 में स्थापित गोल्ड मर्करी अवॉर्ड वैश्विक शासन और मानवीय प्रयासों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। इससे पहले रोनाल्ड रीगन, गेराल्ड फोर्ड, अनवर सादात जैसे विश्व नेताओं और यूनिसेफ, रेड क्रॉस जैसे संगठनों को यह सम्मान मिल चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया