कांगड़ा एयरपोर्ट पर तीसरी बार हुई नाईट लैंडिंग, वायुसेना के विमान ने की सफल लैंडिंग

धर्मशाला, 02 मार्च (हि.स.)।कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की प्रक्रिया के बीच शनिवार देर रात वायुसेना के विमान ने सफल नाइट लैंडिंग की। यह तीसरा मौका था जब इस एयरपोर्ट पर सफल नाईट लैंडिंग हुई है। शनिवार देर रात करीब 10:36 बजे हिंडन एयरपोर्ट, गाजियाबाद से उड़ान भरने वाले वायुसेना के श्री वन थर्टी विमान ने कांगड़ा एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान 20 मिनट तक एयरपोर्ट पर रुका और 10:56 बजे दिल्ली के लिए वापस रवाना हुआ।

उधर रात को हुई इस लैंडिंग के चलते आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आये। बताया जा रहा है कि यह परीक्षण कांगड़ा एयरपोर्ट की सुरक्षा और संचालन क्षमता को बढ़ाने के लिए किया गया। अब वायुसेना को पठानकोट एयरबेस के अलावा नाइट लैंडिंग के लिए एक और विकल्प मिल गया है। रात में विमान की आवाज सुनकर स्थानीय लोग छतों पर आ गए। हालांकि कांगड़ा एयरपोर्ट पर अभी नियमित नाइट लैंडिंग की सुविधा नहीं है।

वहीं एयरपोर्ट के अधिकारी इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं। एयरपोर्ट के विस्तार कार्य के साथ वायुसेना ने नाइट लैंडिंग प्रशिक्षण को तेज कर दिया है जो कांगड़ा एयरपोर्ट के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है। गौरतलब है कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य जल्द शुरू हो रहा है। विस्तारीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण पर है। पर्यटन और सुरक्षा की दृष्टि से इस एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की प्रक्रिया जल्द ही तेज होने वाली है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर