कांगड़ा में पांच दिनों की स्थगित पुलिस भर्ती शुक्रवार से फिर होगी शुरू
- Admin Admin
- Mar 06, 2025

धर्मशाला, 06 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के दौरान खराब मौसम की बजह से पांच दिन बाधित हुई पुलिस भर्ती की प्रक्रिया सात मार्च से शुरू हो रही है। गौर हो कि भर्ती के शुरुआती दौर में बारिश होने के चलते पहले दो दिन और फिर बाद में तीन और दिन भर्ती प्रक्रिया आयोजित नहीं की जा सकी थी। इसके तहत 20 फरवरी की स्थगित भर्ती के अभ्यर्थियों को कल सात मार्च को बुलाया गया है। इसी तरह 21 फरवरी की स्थगित भर्ती आठ मार्च को आयोजित की जाएगी। वहीं 27 की स्थगित भर्ती नौ मार्च को जबकि 28 की स्थगित भर्ती 10 मार्च को आयोजित की जाएगी। इसी तरह एक मार्च की स्थगित भर्ती के अभ्यर्थियों को 11 मार्च को बुलाया गया है।
एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुरूष कांस्टेबल भर्ती मौसम के खराब रहने के चलते पांच दिनों के लिए स्थगित करनी पड़ी थी। इस दौरान 20, 21, 27, 28 फरवरी और एक मार्च की भर्ती स्थगित की गई थी जिसके चलते अब यह भर्ती सात मार्च से 11 मार्च तक आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 20 फरवरी की स्थगित भर्ती सात मार्च को, 21 फरवरी की स्थगित भर्ती आठ मार्च को, 27 फरवरी की स्थगित भर्ती नौ मार्च को जबकि 28 की स्थगित भर्ती 10 मार्च को आयोजित की जाएगी। इसी तरह एक मार्च की स्थगित भर्ती 11 मार्च को आयोजित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया