डिजिटल बैंकिंग सेवा के लिए अब शाखा डाकघरों में भी ई-केवाईसी सुविधा उपलब्ध
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
धर्मशाला, 23 जून (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग द्वारा ग्राहकों की सुविधा के लिए शाखा डाकघरों में ई-केवाईसी आधारित लेन-देन की डिजीटल सुविधा मुहैय्या करवा दी गई है। अब आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से बचत खाते, आवर्ती खाते एवं सुकन्या समृद्धि खातों में निर्धारित सीमा तक बिना किसी दस्तावेज़ी औपचारिकता के 50 हज़ार रूपये तक जमा और बचत बैंक खातों से 20 हज़ार रूपये तक निकालने की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही पात्र खाताधारक किसी भी शाखा डाकघर से लेन-देन कर सकेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के खाताधारकों को आसानी होगी।
अधीक्षक डाकघर धर्मशाला रविन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि धर्मशाला मंडल के अंतर्गत सभी शाखा डाकघरों में ई-केवाईसी सुविधा उपलब्ध है। खाताधारक अपने खाते को अपने मोबाइल नंबर से लिंक करवाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण करके डाक विभाग की डिजिटल बैंकिंग सेवा का लाभ उठा सकते हैं।

