नूरपुर में मां बेटे से पकड़े गए चिट्टे के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

धर्मशाला, 18 मई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर में भदरोया में पकड़ी गई 41.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए बैकवर्ड लिंकेज (नशे के स्रोत) का पता लगाकर मामले से जुड़े एक और आरोपी को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनमोहन सिंह उर्फ बीरू (उम्र 22 वर्ष), निवासी भदरोया, तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि बीते 15 मई को सीआईए टीम नूरपुर ने भदरोया में एक घर में दबिश देकर 41.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने मां बेटे को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने चिट्टा सिलाई मशीन के नीचे छिपाया गया था। इसी मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने इस आरोपी को दबोचा है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज पर नूरपुर पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

   

सम्बंधित खबर