कानपुर: घर में सो रही महिला की हत्या, बच्ची घायल

कानपुर, 20 सितम्बर (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में गुरुवार रात घर में बेटी संग सो रही एक महिला की हत्या कर दी गई। वहीं हमलावर ने

बच्ची को घायल कर दिया गया। शुक्रवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल 09 वर्षीय बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट भी पहुंची है। पुलिस वारदात से संबंधित सुराग तलाशने में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि महाराजपुर के पुरवामीर गांव निवासी कुसुम देवी (55) और उसके परिवार के ही दिनेश सविता की बेटी प्रियांशी (09) के साथ घर के अंदर सो रही थी। रात में अज्ञात लोगों ने कुसुम देवी की हत्या कर दी और बच्ची को घायल कर फरार हो गया। शुक्रवार सुबह परिजनों ने महिला व बच्ची काे रक्तरंजित देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसीपी चकेरी एवं महाराजपुर थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दिया। बच्ची प्रियांशी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसौल भेजा, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर बच्ची को चिकित्सकों ने हैलट अस्पताल भेज दिया। वारदात से संबंधित आस—पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है। महिला के शरीर में गंभीर चोट के निशान हैं। जांच जारी है। इस संबंध में परिवार से जो भी तहरीर प्राप्त होगी, उसके मुताबिक आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। इसके पीछे कारण क्या है इस संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

   

सम्बंधित खबर