जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए कटिहार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित

कटिहार, 18 नवम्बर (हि.स.)। जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय जल मिशन द्वारा आयोजित 'जल संचय जन भागीदारी 1.0' अवार्ड्स के लिए कटिहार जिले का चयन किया गया।

विदित है कि जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उल्लेखनीय योगदान के लिए कटिहार जिले को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया है।

राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह का कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को प्लेनरी हॉल, विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। उक्त अवसर पर कटिहार जिले का राष्ट्रीय जल सम्मान पुरस्कार ग्रहण करने के लिए प्रतिनिधि के रूप में जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा को आमंत्रित किया गया था।

विदित हो कि जल शक्ति मंत्रालय एक केंद्रीय मंत्रालय है, जिसको राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में जल के विकास, संरक्षण और कुशल प्रबंधन के लिए नीतिगत ढांचे स्थापित करने और कार्यक्रमों को लागू करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। जल शक्ति मंत्रालय राष्ट्रीय स्तर पर जल प्रबंधन और जल संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। यह पहल जल संरक्षण में जनभागीदारी के महत्व पर ज़ोर देती है और सभी हितधारकों की एकजुट कार्रवाई के संकल्प को मूर्त रूप देती है, जिसका उद्देश्य अन्य गतिविधियों के अलावा कृत्रिम पुनर्भरण संरचनाओं व बोरवेल पुनर्भरण शाफ्टों के निर्माण पर विशेष ध्यान केंद्रित करना है, जिससे भंडारण क्षमता बढ़ेगी और भूजल पुनर्भरण में वृद्धि होगी।

उक्त के दृष्टिगत ही राष्ट्रीय जल मिशन द्वारा यह पुरस्कार देश के विभिन्न राज्यों एवं जिलों में जल संरक्षण, जल संचयन और जन-भागीदारी के माध्यम से जल सुरक्षा सुनिश्चित करने, जल संरक्षण परियोजनाओं के क्षेत्र में किए गए मूल्यवान योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान गया है। कटिहार में जल संरक्षण और मनरेगा योजना के तहत सोखता निर्माण समेत कई बेहतरीन कार्यों करने पर 'जल संचय जन भागीदारी 1.0' अवार्ड से जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा और उप विकास आयुक्त अमित कुमार को आज सम्मानित किया गया। यह सम्मान कटिहार जिले की जल संरक्षण के प्रति समर्पण और सामूहिक प्रयासों की सफलता को रेखांकित करता है।

जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले की जनता, सभी हितधारकों और प्रशासनिक टीम को दिया है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार कटिहार को भविष्य में और अधिक जल संरक्षण परियोजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के लिए प्रेरित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

   

सम्बंधित खबर