स्वतंत्रता दिवस पर निकली विशाल तिरंगा यात्रा में शामिल हुए केशव प्रसाद मौर्य

विशाल तिरंगा यात्रा में शामिल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और अन्य विशिष्ट जन: फोटो बच्चा गुप्ताविशाल तिरंगा यात्रा में शामिल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और अन्य विशिष्ट जन: फोटो बच्चा गुप्ता

वाराणसी,15 अगस्त (हि.स.)। 78वें स्वतंत्रता दिवस पर गुरूवार को जन-जन में देशप्रेम की भावना जगाने के लिए निकली विशाल तिरंगा यात्रा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पूरे उत्साह से शामिल हुए। जिला प्रशासन की ओर से महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में भाजपा नेताओं,कार्यकर्ताओं,प्रशासनिक अफसरों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों,विभिन्न विद्यालयों,विश्वविद्यालयों के आचार्यो, विद्यार्थियों ने भी भागीदारी की।

तिरंगा यात्रा में शामिल होने के पूर्व उप मुख्यमंत्री मौर्य ने बटन दबाकर 100 फीट उंचा विशाल तिरंगा ध्वज फहराया। परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूरे प्रदेश को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी बातचीत की।

उन्होंने कहा कि 78वां स्वतंत्रता दिवस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण है। यह भारत के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11वीं बार दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से तिरंगा को फहराया। इसके लिए प्रधानममंत्री मोदी को बधाई। हम उनके संदेश का अनुसरण करने का संकल्प भी लेते हैं।

तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से शुरू होकर इंग्लिशिया लाइन, मलदहिया, लहुराबीर, राजकीय क्वींस कॉलेज होते हुए सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पहुंची। यहां राष्ट्रगान से यात्रा का समापन किया गया। खास बात यह रही कि तिरंगा यात्रा में शामिल उप मुख्यमंत्री ने मलदहिया चौराहे पर देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के विशाल मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

तिरंगा यात्रा में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एके त्यागी,भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल,महापौर अशोक तिवारी,भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा,महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय,एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह,जिलाधिकारी एस राजलिंगम,मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल सहित अन्य प्रशासनिक अफसर भी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी / बृजनंदन यादव

   

सम्बंधित खबर