दल के लिए ख़ुद को खपाना पड़े तो तैयार रहना होगा: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सदस्यता अभियान कार्यशाला में कहा कि देश और दल के लिए ख़ुद को खपाना पड़े तो हमें इसके लिए तैयार रहना होगा। संगठन गढ़े चलो सुपंथ पर बढ़े चलो, भला हो जिसमें देश का वो काम सब किए चलो। इन्हीं पंक्तियों के आधार पर हम सब काम करते है। जिस काम में देश का, समाज का, गरीब का, महिला का, युवा का, किसान का भला हो भाजपा वही काम करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य देश को मज़बूत बनाना और प्रत्येक देशवासी के जीवन में खुशहाली लाना है। हमारा व्यक्तिगत अस्तित्व पार्टी और देश से बड़ा नहीं है। हमारे लिए पहले देश, फिर दल और फिर व्यक्ति। दूसरे दलों में पहले पार्टी मुखिया बाद में सब कुछ होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होने जा रहा है। चाहे 2027 हो या 2029 का आने वाला चुनाव। हमें अपने संपर्कों को जीवंत रखना है। सदस्यता के लिए जो लक्ष्य हमें मिले उसे पूरा करने के लिए सम्पर्क व संवाद बनाना है। हमें घर-घर जाकर लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलना है। हमें जीवंत सम्पर्क बनाकर लोगों को भाजपा से जोड़ना है।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश में 2014 और प्रदेश 2017 से अब तक भाजपा की सरकार चल रही है। देश और प्रदेश में अभूतपूर्व परिवर्तन हो चुका है। पूरी दुनिया भारत और मोदी जी की तरफ़ देख रही है। आज दुनिया के सभी मंचों पर भारत ने नेतृत्व किया है। जब 2014 में सरकार बनाने का अवसर मिला था तब हम 12वें स्थान पर थे आज हम विश्व में पाँचवीं आर्थिक शक्ति हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बिजली, पानी सड़क हर मुद्दे पर सफल हैं। 2017 में क़ानून व्यवस्था एक बड़ा मुद्दा थी। हमने प्रदेश को बेहतर कमान दी है। पहले गुंडे माफिया सरकार का हिस्सा थे, व्यापारी भी परेशान थे, बहू बेटी भी असुरक्षित थी। भाजपा सरकार ने 2017 के पहले की इन सभी बीमारियों को दूर करने का काम किया है।

श्री पाठक ने कहा कि आज हर ज़िले में मेडिकल कॉलेज बन रहा है। हर घर पीने का साफ़ पानी मुहैया कराये जाने की क़वायद की जा रही है। प्रदेश एक्सप्रेस वे प्रदेश है। विपक्षी गठबंधन की गुंडई, अराजकता, भाई भतीजावाद की बातें जनता तक पहुँचानी है। श्री पाठक ने कहा कि सदस्यता अभियान में सभी को जुटना है, सभी मिलकर काम करेंगे तो भाजपा को मज़बूती मिलेगी। हमें सबके बीच जाना है और अपनी उपलब्धियों के आधार पर सभी वर्ग के लोगों को भाजपा का सदस्य बनने के लिए प्रेरित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन यादव / विद्याकांत मिश्र

   

सम्बंधित खबर