राज्य बजट में खड़गपुर एयरपोर्ट परियोजना की घोषणा, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
खड़गपुर, 22 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में खड़गपुर में नए हवाई अड्डे के निर्माण की घोषणा की है। राज्य सरकार की इस घोषणा के साथ ही लंबे समय से लंबित इस परियोजना को लेकर क्षेत्र में विकास संबंधी संभावनाओं पर चर्चा तेज हो गई है।
राज्य सरकार ने कोलकाता पर बढ़ते दबाव को कम करने और राज्य के विभिन्न हिस्सों में हवाई संपर्क मजबूत करने के उद्देश्य से कई नए एयरपोर्ट विकसित करने की योजना प्रस्तुत की है, जिसमें खड़गपुर को भी शामिल किया गया है।
प्रस्तावित एयरपोर्ट परियोजना के लागू होने पर पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम तथा ओडिशा से सटे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार आने की संभावना जताई जा रही है। औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित खड़गपुर में इससे निवेश, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा आईआईटी खड़गपुर सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में देशभर से आने वाले छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों के आवागमन को भी सुविधा मिल सकती है।
विभिन्न व्यावसायिक और सामाजिक संगठनों ने इसे क्षेत्रीय आधारभूत संरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
---------------

