

खड़गपुर, 01 जून (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल ने विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के मौके पर सोमवार को ‘मिशन लाइफ’ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट) के तहत जल एवं ऊर्जा संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान पांच जून तक जारी रहेगा।
रेल मंडल के विभिन्न कार्यालयों, स्टेशनों और आवासीय कॉलोनियों में जल संरक्षण के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को बढ़ावा देने, जल पुनर्चक्रण प्रणालियों की समीक्षा करने तथा रेलवे परिसरों में स्थित तालाबों और अन्य जल स्रोतों की सफाई एवं पुनर्जीवन के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं।
ऊर्जा संरक्षण के तहत रेल यात्रियों और कर्मचारियों को बिजली की बचत के लिए प्रेरित किया गया। स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से पानी और बिजली बचाने का संदेश दिया गया। साथ ही एलईडी लाइटों के उपयोग, एयर कंडीशनर के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और आवश्यकता न होने पर विद्युत उपकरणों को बंद रखने की अपील की गई।
अभियान के दौरान ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ई-कचरा संग्रहण और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। स्थानीय स्तर पर कंपोस्टिंग और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रेल मंडल ने इस अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए स्थानीय विद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं तथा स्थानीय निकायों के साथ मिलकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया।
---------------

