खड़गपुर नगर पालिका के बाहर सफाई कर्मियों का प्रदर्शन, वेतन वृद्धि सहित कई मांगें उठाईं
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
खड़गपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर नगर पालिका के सामने मंगलवार सुबह अस्थायी सफाई कर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका के मुख्य द्वार के सामने कई चरणों में विरोध-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनकारी सफाई कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से नगर पालिका में कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो उचित वेतन मिल रहा है और न ही सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उनका आरोप है कि वर्ष 2019 में कोरोना महामारी के दौरान उन्हें कोरोना फाइटर कहा गया था, लेकिन आज उनकी उपेक्षा की जा रही है और उनके कार्य को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है।
सफाई कर्मियों ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा 22 जुलाई को पेश होने वाले बजट में भी उनकी समस्याओं और मांगों को लेकर कोई पहल नहीं की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने खड़गपुर नगर पालिका की चेयरपर्सन और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) से उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझने और समाधान निकालने की अपील की। उनका दावा है कि नगर पालिका में स्थाई और अस्थाई 1,300 से अधिक सफाई कर्मी कार्यरत हैं।

