कोलकाता, 0 6 जून (हि.स.)। शुक्रवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिली, लेकिन मौसम एक बार फिर गर्म और असहज हो गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को कोलकाता में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। हावड़ा और हुगली जिलों के लिए भी इसी तरह का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
शनिवार को दक्षिण बंगाल के सात जिलों—पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया—में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। इनमें नदिया और पूर्व बर्धमान में कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी अगले सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि, इससे भीषण गर्मी और उमस से बहुत अधिक राहत मिलने की संभावना नहीं है। विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण भारत में मानसून का प्रवेश हो चुका है, लेकिन अभी यह उत्तर भारत तक नहीं पहुंचा है। वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर बंगाल और उससे सटे बिहार क्षेत्र के ऊपर भी समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में जलवाष्प पूर्वी भारत के भूभाग में प्रवेश कर रही है, जिससे उत्तर और दक्षिण बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश तथा आंधी-तूफान के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
---------------

