
फतेहपुर, 10 मार्च (हि.स.)। आत्मा योजना के अन्तर्गत सोमवार को कृषि व पशुपालन विभाग के तत्वाधान में राज्य स्तरीय कृषक प्रशिक्षण व भ्रमण कार्यक्रम काआयाेजन हुआ। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वेद व्रत गंगवार के निर्देश पर उर्मिला सामाजिक जन कल्याण सेवा समिति के नेतृत्व में आयाेजित इस कार्यक्रम में किसानों के एक दल को उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ पंकज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्हाेंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रशिक्षण भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसानों को अत्याधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग करके खेती में अधिक से अधिक पैदावार कर लाभ लेने की जानकारी दी जायेगी। कृषि वैज्ञानिकों से अत्याधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी प्राप्त करें। जैविक खेती के तौर तरीकों का भी लाभ उठाएं। किसानों को चन्द्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर तथा भारतीय दलहन अनुसंधान कानपुर में भ्रमण के साथ ही कृषि तकनीकी व व्यावसायिक जानकारी के साथ ही कृषि वैज्ञानिकों से तकनीकी जानकारी, जलवायु परिवर्तन आधारित कृषि तकनीक की जानकारी प्राप्त होगी।
उन्हाेंने कहा कि कानपुर में पशुपालन और मछली पालन की जानकारी किसान हासिल करेंगे। किसानों को पशुपालन में गाय और भैंसों की अलग-अलग नस्लों के बारे में जानकारी मिलेगी। इस अभियान से किसानों को पशुपालन के साथ उन्नत कृषि की जानकारी मिलेगी। किसानों को नई-नई जानकारी मिलेगी, जिसका वे इस्तेमाल पशुपालन में कर सकेंगे। किसानों को चाहिए कि वह भ्रमण के दौरान जो कुछ सीखें उससे अपने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी लाभान्वित करें। कार्यकम में मुन्ना, रितेंद्र, अंकित, कैलाश, कांति, संतरानी, विद्या, उर्मिला, कल्लू पाल, राजेश, मान सिंह आदि उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार