उपराज्यपाल ने भगवती नगर यात्री निवास पर तीर्थयात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की
- Neha Gupta
- Jul 01, 2026

जम्मू, 01 जुलाई ।उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास का दौरा किया और श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 से पहले तीर्थयात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपराज्यपाल ने रसद, आवास, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं, हेल्प डेस्क, स्वच्छता, बिजली और पानी की आपूर्ति, आपातकालीन और अन्य आवश्यक सेवाओं और सुविधाओं का जायजा लिया ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित हो सके।
उपराज्यपाल ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुचारू रूप से संभालने के लिए मानव संसाधन प्रबंधन को बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने भगवती नगर और तवी नदी तट पर नियमित सार्वजनिक घोषणाओं पर भी जोर दिया ताकि तीर्थयात्रियों को समय पर आवश्यक जानकारी मिल सके।
उपराज्यपाल ने बाबा बर्फानी के श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और उन्हें सुरक्षित, शांतिपूर्ण और मंगलमय तीर्थयात्रा की शुभकामनाएं दीं।
57 दिनों की श्री अमरनाथ जी यात्रा 3 जुलाई को दोनों मार्गों पर स्थित बेस कैंप से शुरू होगी और 28 अगस्त 2026 को समाप्त होगी। यात्रा के पहले चरण को उपराज्यपाल 2 जुलाई को यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उपराज्यपाल के साथ डीजीपी नलिन प्रभात, विशेष महानिदेशक समन्वय पीएचक्यू एस.जे.एम. गिलानी, संभागीय आयुक्त जम्मू रमेश कुमार, उपायुक्त जम्मू डॉ. राकेश मिन्हास, नगर आयुक्त जम्मू डॉ. देवांश यादव और नागरिक प्रशासन, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------

