सक्ती: प्रेम संबंध बनी हत्या की वजह, चार लाख की सुपारी देकर कराई महिला की हत्या, नाै आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
सक्ती पुलिस ने चार दिन में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर, झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से आरोपिताें की गिरफ्तारी, हथियार व नकदी बरामद
सक्ती, 1 जुलाई (हि. स.)। सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में 26 जून को हुई महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने चार दिन के भीतर आज बुधवार काे खुलासा करते हुए इसे सुपारी किलिंग का मामला बताया है। पुलिस के अनुसार प्रेम संबंध के चलते रची गई साजिश के तहत महिला की हत्या के लिए चार लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। मामले में झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 26 जून को ग्राम जोंगरा निवासी पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी थी और मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
जांच में सामने आया कि मृतका का मुरलीशंकर चौहान के साथ प्रेम संबंध था। मुरलीशंकर अपनी पत्नी चम्पा चौहान के साथ आयुर्वेदिक दवाओं के प्रचार-प्रसार का कार्य करता था। पुलिस के मुताबिक प्रेम संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बाद में मुरलीशंकर ने मृतका से दूरी बना ली, लेकिन पूर्णिमा उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार दोनों ने झारखंड से लौटे राजेन्द्र महंत से संपर्क कर चार लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। घटना के बाद दो लाख रुपये आरोपिताें को दे भी दिए गए। योजना के तहत 26 जून को गौरीशंकर सिदार ने पिस्तौल से पूर्णिमा पर गोली चलाई, जबकि सुनील महंत उसके साथ मौजूद था। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सुमित गबेल ने उपलब्ध कराई थी। वारदात के बाद अन्य आरोपिताें ने शूटरों को दूसरे राज्यों में फरार होने में मदद की।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने राजेन्द्र महंत को झारखंड के जमशेदपुर तथा गौरीशंकर सिदार और सुनील महंत को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया। इसके बाद अन्य आरोपियों को भी सक्ती और रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, घटनास्थल से तीन खाली खोखे, दो मोटरसाइकिल, कई मोबाइल फोन, बैंक पासबुक तथा सुपारी की राशि में से बची नगदी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपिताें में चम्पा चौहान, मुरलीशंकर चौहान, राजेन्द्र महंत, गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, सुमित गबेल तथा चंद्रशेखर महंत शामिल हैं। सभी आरोपिताें के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर आज न्यायालय में पेश किया गया।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सक्ती थाना पुलिस, साइबर टीम तथा गठित विशेष जांच दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

