लखनऊ मेट्रो ईस्ट वेस्ट कोरिडोर : पांच एलीवेटेड स्टेशनों के निर्माण के लिए कंपनी का चयनित, रंजीत बिल्डकॉन बनाएगी मेट्रो स्टेशन और वायाडक्ट

वसंतकुंज से ठाकुरगंज सेक्शन का 02 वर्षों में पूरा होगा निर्माण कार्य

लखनऊ, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने लखनऊ मेट्रो के विस्तार में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। यहां चारबाग से वसंतकुंज के बीच प्रस्तावित ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (लखनऊ मेट्रो फेज-1बी) के तहत एलिवेटेड सेक्शन के लिए लगभग 384 करोड़ रुपये (अनुमानित 453 करोड़ रुपये जीएसटी सहित) का प्रमुख सिविल निर्माण टेंडर आवंटित कर दिया गया है। यह टेंडर मेसर्स रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को ठाकुरगंज मेट्रो स्टेशन से वसंतकुंज मेट्रो स्टेशन के बीच एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर और पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों के डिजाइन एवं निर्माण के लिए दिया गया है।

यह टेंडर यूपीएमआरसी ने पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के जरिए दिया है। विस्तृत तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद मेसर्स रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को सफल बिडर चुना गया है और इस महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह परियोजना लखनऊ में शहरी परिवहन को मजबूत करेगी, कनेक्टिविटी में सुधार करेगी, सड़क जाम कम करेगी और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देगी।

इस टेंडर के तहत मेसर्स रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड लगभग 4.6 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो वायाडक्ट का डिजाइन और निर्माण करेगी, जिसमें पांच स्टेशन के हिस्से भी शामिल हैं। इनमें पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों में ठाकुरगंज मेट्रो स्टेशन, बालागंज मेट्रो स्टेशन, सरफराजगंज मेट्रो स्टेशन, मूसाबाग मेट्रो स्टेशन और वसंतकुंज मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इसके साथ ही मुख्य लाइन को डिपो के प्रवेश और निकास से जोड़ने के लिए 740 मीटर लंबा रैंप भी बनाया जाएगा।

इस कार्य में सहायक संरचनाएं, प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी), वास्तु कार्य, जल आपूर्ति प्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था, ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर, बाहरी विकास कार्य, अग्निशमन प्रणाली तथा विद्युत एवं यांत्रिक (E&M) कार्य भी शामिल हैं। संपूर्ण कार्य शुरू होने की तिथि से 24 महीनों के भीतर पूरा किया जाएगा।

यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार ने मंगलवार को कहा कि “इस टेंडर का दिया जाना लखनऊ मेट्रो फेज-1बी के कार्यान्वयन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह कॉरिडोर नागरिकों के लिए आधुनिक, सुरक्षित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराएगा। यूपीएमआरसी समय पर, गुणवत्ता के साथ और विश्वस्तरीय मानकों पर परियोजना को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।“

उन्होंने बताया कि वसंतकुंज मेट्रो डिपो के निर्माण के लिए टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के भूमिगत सेक्शन के निर्माण के लिए भी शीघ्र ही टेंडर जारी किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर में कुल 12 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें 05 एलिवेटेड तथा 07 भूमिगत स्टेशन शामिल हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर