श्रम सुधार पूरी तरह लागू, सरकार गरीबों की समर्थक एवं उद्योग अनुकूल: मांडविया

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार ने 4 नई श्रम संहिताओं को पूरी तरह लागू कर दिया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार गरीबों की समर्थक और उद्योगों के अनुकूल है।

मांडविया ने दिल्ली में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के वार्षिक व्यापार सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए यह बात कही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्रम एवं उद्योग को प्रभावी समन्वय के लिए एक-दूसरे के पूरक बनना चाहिए और बदलाव के साथ तालमेल बैठाना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने देश में उद्योगों पर अनुपालन का बोझ कम करते हुए श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा कवरेज का विस्तार करने की दिशा में काम किया है।

मांडविया सीआईआई के वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित कर रहे थे, जिसका विषय था-अगली पीढ़ी के श्रम सुधार: उद्योग के विकास और रोज़गार सृजन को बढ़ावा।

मांडविया ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा कवरेज एक दशक पहले के 29 करोड़ लोगों से बढ़कर अब 94 करोड़ लोगों तक पहुंच गया है। नए श्रम संहिताओं पर प्रकाश डालते हुए मांडविया ने कहा कि ये सुधार श्रम-केंद्रित और उद्योग-केंद्रित, दोनों ही हैं। सरकार गरीबों व किसानों के हित में और उद्योगों के अनुकूल होने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उद्योग और श्रम को एक साझा भविष्य की ओर मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।

---------------

   

सम्बंधित खबर