असम में शहीद हुए झालावाड़ के जवान पवन प्रजापति काे अंतिम विदाई
- Admin Admin
- Jun 22, 2025
झालावाड़, 22 जून (हि.स.)। झालावाड़ का जवान पवन प्रजापति (28) असम में शहीद हो गया। रविवार को जवान का उसके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। जवान को 5 साल के बेटे ने दादा की गोद में बैठकर मुखाग्नि दी। इससे पहले जवान की पार्थिव देह शनिवार शाम झालावाड़ मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां से रविवार सुबह शहीद की पार्थिव देह असनावर लायी गयी। 8 किलोमीटर की तिरंगा यात्रा के साथ देह पैतृक गांव खेरखेड़ा पहुंची। जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और अंत्येष्टि हुई। पवन प्रजापति पिछले 9 साल से सेना में थे। वे 14 जून को ही गांव से असम गए थे। गुरुवार रात एक हादसे में उनकी मौत हो गयी थी। शहीद पवन प्रजापति के पिता प्रेमचंद किसान है। शहीद के एक 5 साल का और दूसरा 6 महीने का बेटा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव



