एमसीडी में नेता सदन जय भगवान यादव ने बख्तावरपुर क्षेत्र का किया निरीक्षण
- DSS Admin
- May 21, 2026
नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने गुरुवार को निगम के नरेला क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 5 बख्तावरपुर का निरीक्षण किया।
यादव ने बख्तावरपुर स्थित सुभाष चौक से अपना निरीक्षण आरम्भ किया। उन्होंने नालों के ऊपर बने चबूतरों को हटाने के निर्देश दिये ताकि आवागमन निर्विरोध रूप से जारी रहे।
नेता सदन ने कहा कि पीडब्लूडी सहित अन्य सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करके नालों की सफाई का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए अन्यथा दोषी विभागों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धूल उड़ने वाले स्थलों पर पानी का छिड़काव भी किया जाए।
यादव ने अधिकारियों को पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवा का छिड़काव जरूरी है। निरीक्षण के दौरान नेता सदन ने स्थानीय नागरिकों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी एवं अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के आदेश दिए।
नेता सदन ने सड़क किनारे लगे अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटाया जाए ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में नगर निगम के सभी पदाधिकारी निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याओं का जायजा लेकर उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। निगम का उद्देश्य दिल्ली को साफ, सुंदर, कूड़ामुक्त बनाना है।
इस दौरान उनके साथ नरेला क्षेत्र की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय पार्षद जनता देवी, अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल, उपायुक्त रघुवेंद्र मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
--------------

