नाबालिग लड़की का हाथ चबा गया लेपर्ड, मुंह, पीठ और छाती को भी नोंच डाला

उदयपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। गोगुंदा थाना क्षेत्र के उंडीथल गांव में गुरुवार सुबह लेपर्ड के एक और हमले में एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई। लेपर्ड लड़की को घसीटते हुए जंगल में ले गया और उसका हाथ चबा गया। नाबालिग के मुंह, पीठ और छाती को भी लेपर्ड ने बुरी तरह नोंच डाला। लड़की का शव घने जंगल में करीब चार किलोमीटर अंदर मिला है। लड़की की तलाश बुधवार से ही की जा रही थी।

गोगुंदा थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत ने बताया कि बुधवार दोपहर 12.30 बजे कमला (16) पुत्री अंबालाल कपाया उंडीथल गांव के जंगल में बकरियां चराने गई थी। देर रात तक वह वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से देर रात तक बच्ची को तलाशने की कोशिश की। लेकिन, कोई पता नहीं लग पाया। सुबह परिजन और ग्रामीण जंगल की तरफ तलाश करने पहुंचे तो घटना का पता लगा। नाथावत ने बताया कि शव मिलने के बाद ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने घटना के बाद क्षेत्र में पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जंगल में चार किलाेमीटर अंदर शव मिलने के कारण यहां एम्बुलेंस या कोई वाहन नहीं जा सकता है ऐसे में पैदल ही शव को बाहर लाया गया। लड़की के पिता अंबालाल कपाया खेती व मजदूरी करते हैं। कमला सबसे छोटी बेटी थी। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है। ग्यारह दिन पहले 8 सितंबर 2024 को झाड़ोल के कीरट फॉरेस्ट एरिया में लेपर्ड ने एक महिला पर हमला कर उसे मार दिया था। महिला मीराबाई निवासी मगवास जंगल में लकड़ी काटने गई थी। जहां झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने उसे अपना शिकार बना लिया। सूचना पर वन विभाग और झाड़ोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला को जंगल में तलाशने की कोशिश की तो एक जगह झाड़ियों में महिला का शव पड़ा हुआ मिला। जिसमें धड़ और सिर अलग-अलग करीब 12 फीट दूरी पर पड़े हुए मिले थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर