
कूचबिहार, 04 मार्च (हि. स.)। वन कर्मियों ने मंगलवार को कूचबिहार-2 नंबर ब्लॉक के पातलाखावर के सुकधन के कुठी इलाके के एक घर में घुसे तेंदुए को बरामद किया है। घटना से गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह-सुबह बकरियों की तेज आवाज सुनकर घर के मालिक तरूण राय गौशाला में घुसे तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गई। उसने देखा कि तेंदुए ने बकरी की गर्दन अपने जबड़े में दबाया हुआ है। जिसे देख वह चिल्लाने लगे। जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखकर तेंदुआ गौशाला से निकलकर ठाकुर घर (पूजा) में घुस गया। इसके बाद इसकी सूचना वन विभाग के पुंडीबारी रेंज को दी गयी। जिस पर पुंडीबारी के अलावा चिलापाता और जलदापाड़ा रेंज से भी वनकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद ठाकुर घर को जालों से घेर लिया। बाद में वन कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर काबू किया। इसके बाद तेंदुए को बरामद कर जलदापाड़ा ले जाया गया। घटना से गांव में घंटों दहशत का माहौल था।
कूचबिहार के एडीएफओ बिजना कुमार नाथ ने कहा कि सुबह कूचबिहार-2 नंबर ब्लॉक के पातलाखावर के सुकधन के कुठी इलाके में तेंदुए के घुसने की खबर मिली थी। जिस पर पुंडीबारी, चिलापाता और जलदापारा रेंज के कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेंदुए को बरामद कर लिया। तेंदुआ को शारीरिक परीक्षण के बाद जलदापाड़ा जंगल में छोड़ा जायेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार