साहित्य भावनाओं, विचारों और अनुभवों को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है : मुख्यमंत्री
- Admin Admin
- Nov 15, 2025
-मुख्यमंत्री ने 'लीडिंग लेडीज ऑफ इण्डिया' पुस्तक का किया विमोचन
देहरादून, 15 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को मोहनी रोड स्थित दून इंटरनेशल स्कूल में आयोजित देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वेणु अग्रहारा ढींगरा की ओर से लिखित पुस्तक लीडिंग लेडीज ऑफ इण्डिया का विमोचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य भावनाओं, विचारों और अनुभवों को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। सामाजिक और सांस्कृतिक जागरूकता में भी साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि लीडिंग लेडीज ऑफ इण्डिया पुस्तक पाठकों विशेष रूप से महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार की ओर से निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाये जा रहे उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की ओर से अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है। आज बेटियां हर क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की आत्मा उसकी संस्कृति में बसती है। यहां की संस्कृति और परंपराओं को संजोये रखने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षों से राज्य में प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसका मूल उद्देश्य लोगों को अपनी जड़ों से जोड़े रखना है। प्रवासी सम्मेलन के आयोजन के बाद से अनेक प्रवासियों द्वारा अपने मूल गांवों के विकास के साथ ही प्रदेश के विकास के सहयोगी बनने की इच्छा जताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार



