लोकायुक्त का शिकंजा: सीमांकन रिपोर्ट के लिए रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
उज्जैन, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश लोकायुक्त संगठन उज्जैन की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए आगर मालवा जिले के बड़ौद तहसील कार्यालय में पदस्थ एक पटवारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपित पटवारी सीमांकन रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक आनंद यादव के अनुसार ग्राम झलारा निवासी श्रीपाल सिंह परिहार ने 1 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि हल्का नंबर-08 के पटवारी राजकुमार चौहान ने भूमि सीमांकन करने के लिए 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार पटवारी पहले ही 15 हजार रुपये ले चुका था और सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कर दी थी, लेकिन रिपोर्ट सौंपने के लिए अतिरिक्त पांच हजार रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने निरीक्षक दीपक सेजवार के माध्यम से मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
गुरुवार को लोकायुक्त दल ने तहसील कार्यालय बड़ौद स्थित पटवारी कार्यालय में जाल बिछाया और आरोपित पटवारी राजकुमार चौहान को शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक दीपक सेजवार सहित लोकायुक्त संगठन के 10 सदस्यीय दल ने भाग लिया। टीम में शिवकुमार शर्मा, अनिल, श्याम शर्मा, संजीव और रमेश डाबर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

