जबलपुरः 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक रंगेहाथों गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
जबलपुर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहपुरा तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक रोहित जैन के एक व्यापारी मित्र ने ग्राम कुलोन, तहसील शहपुरा, जिला जबलपुर में भूमि खरीदी थी। उक्त भूमि के सीमांकन के लिए राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
इसकी शिकायत रोहित जैन ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजू पटले से की थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी राजस्व निरीक्षक 80 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 2 जून को कटंगा स्थित रतन कॉलोनी में आरोपी को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी करण सिंह लोधी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित लोकायुक्त पुलिस की विशेष टीम शामिल रही।
---------------

