सूरत रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ नीले वस्त्रों में देंगे दर्शन, वृंदावन में तैयार हुआ विशेष परिधान
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
सूरत, 06 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के सूरत में आयोजित होने वाली इस्कॉन की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। 16 जुलाई को जहांगीरपुरा स्थित इस्कॉन मंदिर द्वारा निकाली जाने वाली भव्य रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा जी शाही नीले (वादली) रंग के विशेष वस्त्रों में भक्तों को दर्शन देंगे। शुद्ध रेशम से तैयार किए गए इन परिधानों पर सुनहरी जरी की आकर्षक हाथ की कढ़ाई की गई है, जो भगवान के दिव्य स्वरूप की भव्यता को और बढ़ाएगी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार यह विशेष पोशाक वृंदावन के कुशल कारीगरों द्वारा विशेष ऑर्डर पर तैयार की गई है। करीब 15 कारीगरों ने डेढ़ महीने की मेहनत से इस परिधान को तैयार किया है, जिस पर लगभग 3 लाख रुपये का खर्च आया है। मंदिर के प्रतिनिधियों ने बताया कि भगवान के वस्त्र और पूजा की अधिकांश सामग्री वृंदावन से ही मंगाई जाती है, क्योंकि इसे भगवान श्रीकृष्ण की पावन लीलाभूमि माना जाता है।
रथयात्रा का शुभारंभ 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे सूरत रेलवे स्टेशन से होगा। इसके बाद रथ रिंग रोड, अठवागेट और गुजरात गैस सर्कल सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगा और रात करीब 9 बजे जहांगीरपुरा स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचेगा। वहां महाआरती के साथ रथयात्रा का समापन होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भगवान जगन्नाथ के इस विशेष शाही स्वरूप के दर्शन के लिए उमड़ने की संभावना है।
---------------

