गुरु अमर दास जी का जीवन त्याग, सेवा, समानता का प्रेरणास्रोत:नायब सैनी
- Vijesh Sharma
- Jun 07, 2026

मुख्यमंत्री ने लुधियाना में श्री गुरु अमर दास जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित 9वें विशाल नगर कीर्तन समागम में की शिरकत
चंडीगढ़, 07 जून । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सिखों के तृतीय गुरु श्री गुरु अमर दास जी का जीवन त्याग, सेवा, समर्पण, समानता और मानवता का अद्वितीय प्रतीक है। उनका जीवन आज भी समाज को भाईचारे, मानव कल्याण और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखा रहा है तथा आने वाली पीढिय़ों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात रविवार को पंजाब के लुधियाना स्थित अमरपुरा चौक के निकट श्री गुरु अमर दास जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित 9वें विशाल कीर्तन समागम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन के लिए सेवा स्वरूप 5 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा करते हुए भविष्य में गुरुद्वारे से संबंधित विकास कार्यों के लिए हर संभव सरकारी सहयोग का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु अमर दास जी ने समाज में व्याप्त जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव जैसी कुरीतियों का सशक्त विरोध किया तथा पहले पंगत, पीछे संगत का संदेश देकर सामाजिक समानता और समरसता की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि गुरु जी का यह संदेश केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक क्रांति का आधार था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। स्वदेश दर्शन योजना के तहत आनंदपुर साहिब, फतेहगढ़ साहिब, चमकौर साहिब, फिरोजपुर, अमृतसर, खटकड़ कलां, कलानौर और पटियाला को शामिल करते हुए विरासत सर्किट के विकास को मंजूरी दी गई है।
--------------

