जांजगीर-चांपा पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई थाना और चौकी प्रभारी बदले

जांजगीर-चांपा, 28 मई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जिले के कई थाना और चौकी प्रभारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के तहत आज गुरुवार काे थाना प्रभारी शिवरीनारायण, बिर्रा, बम्हनीडीह, अजाक थाना, चौकी नैला, पंतोरा तथा पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार के प्रभारियों का स्थानांतरण किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक स्तर के 4 अधिकारी, उपनिरीक्षक स्तर के 5 अधिकारी और 2 सहायक उपनिरीक्षक अधिकारियों को भी नई पदस्थापना दी गई है।

पुलिस विभाग की ओर से किए गए इस प्रशासनिक बदलाव को जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और अपराध नियंत्रण में कसावट लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि समय-समय पर किए जाने वाले तबादलों से कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा आती है और अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ती है।

करही गोलीकांड के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही थी। इसी कड़ी में यह बड़ा फेरबदल सामने आया है। माना जा रहा है कि नए पदस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

   

सम्बंधित खबर