कोरबा : कटघोरा के पटाखा गोदाम में भीषण आग, लगातार धमाकों से दहला इलाका

कोरबा,10 जून (हि. स.)। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित शर्मा पटाखा गोदाम में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखों में लगातार तेज धमाके होने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।

जानकारी के अनुसार दोपहर के समय अचानक गोदाम में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण होने के कारण लगातार विस्फोट होते रहे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य स्थानों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।

उधर, सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटा दिया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने नियंत्रित किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक रखा गया था। ऐसे में पूरा माल जलकर खाक होने की आशंका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस हादसे में व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

फिलहाल घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाएगा और आग लगने के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर