वीर सावरकर जयंती पर महापौर प्रवेश वाही ने दी श्रद्धांजलि, लाजपत नगर में अवैध पार्किंग पर सख्त निर्देश
- DSS Admin
- May 28, 2026
नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने अमर कॉलोनी वार्ड की नागरिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर ने वीर सावरकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्र के प्रति उनका त्याग, साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने बताया कि विनायक दामोदर सावरकर का जन्म 28 मई 1883 को महाराष्ट्र के नासिक में हुआ था और उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान सेंट्रल मार्केट लाजपत नगर के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने महापौर को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि लाजपत नगर मार्केट में अवैध पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे दुकानदारों, ग्राहकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पार्किंग के नाम पर मनमानी वसूली किए जाने की शिकायत भी सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को मुख्य सड़कों और बाजारों में अवैध पार्किंग के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है।
महापौर ने कहा कि निगम दिल्ली सरकार के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास संबंधी सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली दिल्ली नगर निगम राजधानीवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद शरद कपूर, लाजपत नगर मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी, स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निगम के वरिष्ठ कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------

