बलरामपुर : 18 से 20 जून तक लगेंगे वृहद पंजीकरण शिविर, योजनाओं का मिलेगा लाभ

बलरामपुर, 17 जून (हि.स.)। बुधवार को आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘विश्वास, विकास और जनकल्याण’ कार्यक्रम के तहत जिले में 18 से 20 जून तक प्रत्येक राजस्व अनुविभाग स्तर पर तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इन विशेष शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाना है। शिविरों में नए पात्र हितग्राहियों का मौके पर ही पंजीयन किया जाएगा तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित लंबित आवेदनों में आवश्यक त्रुटि सुधार की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

इसके साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण करने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं से जोड़ा जा सके। प्रशासन ने आमजन से निर्धारित तिथियों में आयोजित शिविरों में पहुंचकर अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।

   

सम्बंधित खबर