एमजीएच कठुआ में स्वास्थ्य सेवाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर पर मंथन, सभी 23 एजेंडा प्रस्ताव पास

MGH Kathua deliberates on health services and infrastructure, passes all 23 agenda proposals


कठुआ, 13 मई । महात्मा गांधी अस्पताल कठुआ की रोगी कल्याण समिति की बैठक बुधवार को विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित हुई।

बैठक में अस्पताल के संचालन और विकास से जुड़े 23 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, इंफ्रास्ट्रक्चर के उन्नयन, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने और स्टाफ की कमी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। सदस्यों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने, साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार, आधुनिक जांच सुविधाओं के विस्तार और आवश्यक दवाओं की समय पर उपलब्धता पर भी जोर दिया। इस मौके पर डॉ. भारत भूषण ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

सीएमओ डॉ. विजय रैना ने बैठक में शामिल सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सुझावों से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। बैठक में एमजीएच कठुआ के प्रभारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला आयुष अधिकारी, जेपीडीसीएल, पीएचई और पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता, सीडीपीओ, बीडीओ, जेडईओ और एनएचएम के जिला लेखा प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर