मंत्री अग्निमित्रा पाल ने धन्यवाद ज्ञापन यात्रा के दौरान जनता का आभार व्यक्त किया
- DSS Admin
- May 17, 2026

कोलकाता, 17 मई (हि. स.)। आसनसोल से राजनीतिक सरगर्मी के बीच रविवार सुबह अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल दक्षिण विधानसभा मंडल चार के आमरसोता अंचल, बांसड़ा में धन्यवाद यात्रा निकाली। इसके बाद शाम को मंडल-3 के डांगा-महीशिला क्षेत्र में भी धन्यवाद यात्रा आयोजित की गई। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सभा के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पहले राज्य में सत्ता में रहे नेता बड़े-बड़े काफिले, गाड़ियां, बंगले और भारी सुरक्षा घेरे में रहते थे, लेकिन आम जनता को पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं पर अत्याचार, हिंसा और राजनीतिक प्रताड़ना की घटनाएं सामने आती रहीं, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और जो लोग पहले सत्ता में थे, उन्हें भी आम नागरिकों की तरह ही रहना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सादगी और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश है। इसी के तहत सीमित संसाधनों के उपयोग और ईंधन संकट को देखते हुए कम वाहनों के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है।
नगर निकायों को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दुर्गापुर नगर निगम में अब तक चुनाव नहीं होने के कारण जनता को पर्याप्त सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मिड-डे मील, आंगनबाड़ी, आवास योजना, शौचालय और सड़क निर्माण जैसी कई योजनाओं में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों का हिसाब लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मंत्री होने के बावजूद वे आम कार्यकर्ताओं के साथ जुड़े रहना चाहती हैं और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना गलत नहीं है। काम भी करेंगे और लोगों के साथ जुड़कर रहेंगे।
वहीं, राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
---------------

